kotha
post authorAdmin 09 Feb 2026

“हम भी तेरे दादा लगते हैं…” उत्तराखंड में बच्चों से बोले सीएम योगी, उमड़ा ‘बाबा’ का बाल-प्रेम.

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा भावनात्मक पलों से भरा रहा। शुक्रवार की रात गांव में विश्राम के बाद शनिवार सुबह उन्होंने गांव के बड़े-बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बच्चों से आत्मीय संवाद किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बच्चों के प्रति स्नेह देखते ही बनता था। उन्होंने बच्चों से सहज बातचीत की, उन्हें चॉकलेट भेंट की और एक मासूम को गोद में लेकर दुलार भी किया। गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें और सेल्फी लीं। उनकी सादगी, विनम्रता और अपनत्व से ग्रामीण भावुक नजर आए।

गांव भ्रमण के दौरान एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को फूल भेंट किया। बदले में योगी आदित्यनाथ ने उसे खाने का सामान दिया, जिसे बच्चे ने अपने दादा को सौंप दिया। यह दृश्य देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए और स्नेहपूर्वक बोले—
“हम भी तेरे दादा लगते हैं।”
यह संवाद गांव में चर्चा का विषय बन गया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को गांव में रहकर खेती-बाड़ी और स्थानीय संसाधनों को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया। इसके बाद वे अपने परिजनों से मिले और सभी का कुशलक्षेम जाना।

इसी क्रम में सीएम योगी ने देवभूमि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित इंटर कॉलेज, यमकेश्वर में नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हम भी तेरे दादा लगते हैं... जब उत्तराखंड में बच्चे से बोले सीएम योगी, उमड़ा 'बाबा' का बाल-प्रेम