पौड़ी गढ़वाल जनपद में इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता 2025-26 का जिला स्तरीय आयोजन उत्साह और नवाचार के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 154 बाल वैज्ञानिकों ने विज्ञान आधारित अपने नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत कर निर्णायकों और उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 6 फरवरी 2026 को नैनीडांडा, वीरोंखाल, यमकेश्वर, थलीसैंण, द्वारीखाल, रिखणीखाल और दुगड्डा विकासखंडों के 90 विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल और आइडिया प्रस्तुत किए। इससे पूर्व पहले दिन शेष प्रतिभागियों ने सहभागिता की थी।
निर्णायक मंडल में पारूल (एनआईएफ), नवेंद्र नेगी और अखिलेश घिल्डियाल शामिल रहे। आयोजन का सफल संचालन वेद प्रकाश डोभाल, प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज नगर पौड़ी के संयोजन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. बलवंत सिंह बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट तथा खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श उपस्थित रहे।
जिला समन्वयक महेन्द्र रौथाण और महेश गिरि ने जानकारी दी कि चयनित बाल वैज्ञानिक आगामी राज्य स्तरीय इंस्पायर प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, समस्या-समाधान क्षमता और नवाचार के प्रति गहरी जिज्ञासा देखने को मिली।



Admin






