देहरादून/हरिद्वार।
पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुम्भ मेला-2027, हरिद्वार की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। शासन स्तर पर कोई भी फाइल लंबित न रहे और लापरवाही की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने सचिव, पीडब्ल्यूडी को 24 घंटे के भीतर टेक्निकल पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुंभ क्षेत्र के सभी पुलों का ऑडिट कराने और हर की पैड़ी सहित अन्य घाटों के सौंदर्यीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी, जल पुलिस और पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ प्रबंधन और कानून व्यवस्था के लिए अलग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने अखाड़ों को भूमि आवंटन समय पर करने, संत समाज और स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित करने तथा अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस, मोबाइल चिकित्सा दल, आवास एवं टेंट सिटी की व्यवस्था भी समय से पूर्ण करने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कुंभ मेला हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। यह हमारा दायित्व है कि यहां आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सकारात्मक अनुभव लेकर जाए।”
बैठक में कैबिनेट मंत्री, विधायकगण, मुख्य सचिव, डीजीपी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Admin






