kotha
post authorAdmin 12 Feb 2026

टिहरी न्यूज़: चमियाला-घनसाली के बीच मार्च से शुरू होगी पहली सिटी बस सेवा.

घनसाली (टिहरी): नगर पंचायत चमियाला क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। आगामी मार्च माह से पहली बार चमियाला और घनसाली के बीच नियमित सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी। नगर पंचायत बोर्ड के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अहम निर्णय लिया गया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सिटी बस सेवा के लिए स्थानीय विधायक शक्ति लाल शाह ने विधायक निधि से धनराशि स्वीकृत की है। मार्च से यह बस प्रतिदिन चमियाला से घनसाली तक संचालित होगी।

घनसाली ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालय होने के कारण दोनों स्थानों के बीच कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल के छात्र-छात्राओं का नियमित आवागमन रहता है। अब तक परिवहन सुविधा के अभाव में लोगों को निजी वाहनों या महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता था।

विशेषकर चारधाम यात्रा सीजन (मई से जुलाई) के दौरान बसों व जीप-टैक्सियों की कमी के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सिटी बस सेवा शुरू होने से इस समस्या में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके अतिरिक्त, शहरी विकास विभाग की ओर से नगर पंचायत को दो नए कूड़ा वाहन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। वर्तमान वाहन पुराने और बार-बार खराब होने के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। नए वाहनों के आने से कूड़ा निस्तारण प्रणाली में सुधार होगा।

वहीं, वार्ड नंबर छह में 1.24 करोड़ रुपये की लागत से “रजत जयंती पार्क” का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, चरखी और अन्य खेल उपकरण लगाए जाएंगे, साथ ही बुजुर्गों के लिए बैठने व विश्राम की व्यवस्था भी की जाएगी।

अध्यक्ष राणा ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जा रहा है और अन्य विकास योजनाओं पर भी तेजी से काम जारी है।

Top Tourist Attractions in Chamiyala – Must-Visit Places in Chamiyala