kotha
post authorAdmin 26 Feb 2026

उत्तराखंड : पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप: शादी का झांसा देकर शोषण का मामला दर्ज.

रुद्रपुर : उधम सिंह नगर जिले में तैनात एक पुलिसकर्मी पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी जवान ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया और बाद में मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया।

महिला का कहना है कि आरोपी से उसकी मुलाकात एक परिचित के माध्यम से हुई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने शादी का वादा किया…जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। बाद में उसे पता चला कि आरोपी की कहीं और सगाई हो चुकी है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़िता का दावा है कि उसने मल्लीताल और आईटीआई थाने में मुकदमे दर्ज कराए हैं। उसका कहना है कि आरोपी ने मंदिर में शादी की…लेकिन बाद में फिर से केस वापस लेने का दबाव बनाया और मारपीट की। हाल ही में एसएसपी के आदेश पर काशीपुर कोतवाली में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।