ऋषिकेश में शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाने, सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक संदेश प्रसारित करने और लोगों को आपस में भड़काने की कोशिशों की जानकारी सामने आई है। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शहर की कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी निगरानी की जा रही है, ताकि समय रहते भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर कार्रवाई की जा सके। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने, धार्मिक या सामाजिक भावनाएं भड़काने और आपसी सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और न ही उसे आगे साझा करें। यदि किसी व्यक्ति को सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। प्रशासन ने यह भी कहा कि शहर की शांति बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि ऋषिकेश की परंपरागत गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखे हुए है।



Admin






