kotha
post authorAdmin 14 Mar 2026

ऋषिकेश में खुदाई के दौरान मिलीं पत्थरों पर उकेरी प्राचीन मूर्तियां, पुराने मंदिर के अवशेष होने की आशंका.

ऋषिकेश | उत्तराखंड

ऋषिकेश के पौराणिक वीरभद्र मंदिर परिसर में शुक्रवार को उस समय उत्सुकता और हलचल का माहौल बन गया, जब मंदिर के पीछे मैदान में चल रही खुदाई के दौरान पत्थरों पर उकेरी गई प्राचीन आकृतियां और मूर्तियां सामने आईं। इन पत्थरों पर की गई सुंदर नक्काशी को देखकर स्थानीय लोग इन्हें किसी प्राचीन मंदिर के अवशेष मान रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के पीछे स्थित मैदान में पीपल के पेड़ के नीचे बने छोटे मंदिर के पास चबूतरा निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से कई ऐसे पत्थर निकले, जिन पर कलात्मक नक्काशी और आकृतियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

पत्थरों पर बनी आकृतियों और नक्काशी को देखकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। लोगों का मानना है कि यह पत्थर किसी प्राचीन मंदिर के हिस्से हो सकते हैं, जो समय के साथ जमीन में दब गए होंगे।

स्थानीय निवासी महेश प्रसाद और दिनेश सिंह सहित कई लोगों ने प्रशासन और पुरातत्व विभाग से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि यह पत्थर वास्तव में किसी प्राचीन मंदिर के अवशेष हैं, तो इनके संरक्षण और ऐतिहासिक महत्व को सुरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।

क्षेत्र के बुजुर्गों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी एक प्राचीन मंदिर होने की चर्चा होती रही है। अब खुदाई में मिले इन पत्थरों को उसी इतिहास से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुरातत्व विभाग की जांच के बाद इन अवशेषों का ऐतिहासिक महत्व स्पष्ट हो सकेगा और यदि यह प्राचीन धरोहर साबित होते हैं तो इसे संरक्षित कर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखा जाएगा।