kotha
post authorAdmin 15 Mar 2026

अल्मोड़ा में खुलेगा लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर, विदेशी नौकरियों के लिए युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर.

उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। यह घोषणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने की।

दरअसल, राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत अभी तक केवल देहरादून में ही एक लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर संचालित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। अब अल्मोड़ा में सेंटर खुलने के बाद प्रदेश में ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर दो हो जाएगी।

सरकार की इस योजना का उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में इस प्रकार के सेंटरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार का अवसर मिल सके।

बजट में बड़ा इजाफा

इस योजना को विस्तार देने के लिए सरकार ने बजट में भी बड़ा इजाफा किया है। पहले जहां इस योजना के लिए 75 लाख रुपये का प्रावधान था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

मंत्री सौरभ बहुगुणा के अनुसार, मुख्यमंत्री की सकारात्मक सोच के चलते अब ज्यादा से ज्यादा युवाओं को विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग और अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर मिल पाएंगे।

अब तक के आंकड़े

147 युवाओं को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा चुका है

92 युवाओं को विभिन्न देशों में नौकरी मिल चुकी है

8 से 10 महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है

16 अधिकृत एजेंसियां प्रशिक्षण में सहयोग कर रही हैं

10 नए युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव

विदेश में काम कर रहे युवाओं की सुरक्षा

पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात के बीच राज्य सरकार विदेशों में कार्यरत युवाओं की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क है। मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में बताया कि सऊदी अरब में कार्यरत लगभग 30 युवाओं से संपर्क किया गया है और वे सभी सुरक्षित हैं।