kotha
post authorAdmin 15 Mar 2026

सीधे एजेंसियों से एलपीजी सिलेंडर वितरण पर रोक, प्रशासन ने लागू किया डोर-टू-डोर सिस्टम.

देश में एलपीजी गैस की बढ़ती मांग और आपूर्ति में आई बाधा के बीच प्रशासन ने कई इलाकों में गैस वितरण व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। नैनीताल जिले में प्रशासन ने गैस एजेंसियों से सीधे एलपीजी सिलेंडर वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

जिलाधिकारी (डीएम) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से सीधे सिलेंडर नहीं दिए जाएंगे। इसके बजाय सभी एजेंसियों को केवल डोर-टू-डोर वितरण व्यवस्था के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच जारी संघर्ष के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके चलते देश के कई हिस्सों में एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने लगी है। इसी कारण गैस एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ देखी जा रही है।

नैनीताल जिले में स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। कई एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगने लगी थीं, जिसके कारण भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।

स्थिति को और जटिल तब बना दिया जब इंडेन गैस का ऑनलाइन बुकिंग सर्वर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हो गया। इससे उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं को ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी जनरेशन में दिक्कत आ रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए ही गैस एजेंसी कार्यालय जा सकते हैं, लेकिन सिलेंडर सीधे एजेंसी से नहीं दिया जाएगा।

एसएसपी की अपील

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही अपने वाहन या परिवार के साथ वहां एकत्रित हों।

उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्रशासन की ओर से समयबद्ध तरीके से घर-घर गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई गैस एजेंसी या स्टॉक होल्डर प्रशासन के आदेशों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

India-Economy-LPG-Gas