ज्योतिर्मठ (चमोली): नगर पालिका के भवन में नमाज़ अदा करने को लेकर उठे विवाद के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित भवन पर ताला लगाने का निर्णय लिया है। साथ ही मुस्लिम समुदाय ने आपसी सहमति से अपने घरों में नमाज़ अदा करने का फैसला किया है।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका भवन में नमाज़ पढ़े जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद कुछ संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन से शिकायत की। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका बोर्ड की आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें भवन को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्णय लिया गया।
एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हॉल उपयोग के लिए विधिवत लिखित अनुमति नहीं ली गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने थाना स्तर पर बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश भी जारी किए हैं। यदि किसी संस्था या एजेंसी के कर्मचारी बिना सत्यापन के पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को जुमे की नमाज़ निजी आवासों पर पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्वक अदा की गई। स्थानीय निवासी इफ्तेखार मलिक और सलीम राजा ने कहा कि विवाद का असर आपसी भाईचारे पर नहीं पड़ेगा और समुदाय शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।




Admin






