kotha
post authorAdmin 23 Feb 2026

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तोताघाटी में ट्रक पर गिरा विशाल बोल्डर, चालक की मौके पर मौत.

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-7) पर स्थित अति संवेदनशील तोताघाटी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन तोताघाटी के पास पहुंचा, तभी ऊपर पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े पत्थर और एक विशाल बोल्डर ट्रक पर आ गिरे। एक भारी बोल्डर ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबा और पत्थरों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग चार घंटे तक पूरी तरह अवरुद्ध रहा। कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष), निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

सुबह तक मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया। उल्लेखनीय है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के कारण लंबे समय से ब्लैक स्पॉट घोषित है।