उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath इन दिनों सिंगापुर के आधिकारिक दौरे पर हैं। 22 से 24 फरवरी तक चलने वाले इस दौरे के दौरान उन्होंने सिंगापुर के प्रमुख निवेश और वित्तीय संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय बैठकों का सिलसिला शुरू किया।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर की प्रमुख निवेश कंपनी Temasek के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, नवीकरणीय ऊर्जा, औद्योगिक अवसंरचना और उभरते क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेशकों के लिए राज्य की नई औद्योगिक नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और त्वरित मंजूरी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की संप्रभु निवेश संस्था GIC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Lim Chow Kiat से भी मुलाकात की। इस बैठक में दीर्घकालिक संस्थागत निवेश, विशेषकर बुनियादी ढांचे, औद्योगिक पार्क, लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और सतत शहरी विकास परियोजनाओं पर सहयोग बढ़ाने के विकल्पों पर विचार किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने DBS Group की मुख्य कार्यकारी अधिकारी Tan Su Shan और वरिष्ठ नेतृत्व टीम से भी मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में परियोजना वित्तपोषण को सरल बनाने, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में वित्तीय सहयोग को मजबूत करने और निवेश प्रवाह बढ़ाने पर चर्चा हुई।
सिंगापुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भारतीय समुदाय और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरे में उनके साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच आर्थिक सहयोग, संस्थागत साझेदारी और क्षेत्र-विशेष निवेश को नई गति देना है।




Admin






