kotha
post authorAdmin 24 Feb 2026

श्रीनगर गढ़वाल की बैठकी होली: हुल्यारों ने फाग गायन से बांधा समां.

श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ मार्ग स्थित टीचर्स कॉलोनी, चौरास पुल के निकट एक निजी आवास पर पारंपरिक बैठकी होली का आयोजन उल्लास, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। फाग गायन की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को फागुनी रंग में रंग दिया। उपस्थित हुल्यारों ने समवेत स्वरों में होली गीतों का गायन कर पर्व के आगमन का स्वागत किया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री दर्जाधारी एवं नगर पालिका श्रीनगर के पूर्व अध्यक्ष कृष्णानंद मैठाणी ने पारंपरिक होली गीतों का सस्वर गायन कर माहौल को जीवंत बना दिया। वरिष्ठ रंगकर्मी विमल बहुगुणा ने क्रमबद्ध प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहायक निदेशक एवं संगीत अकादमी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. संजय पांडेय तथा श्रीमती लता तिवारी पांडेय ने उच्च कोटि के होली गीत प्रस्तुत किए। अनुभवी संगीतकार एवं गीतकार वीरेन्द्र रतूड़ी (बिट्टू भाई) ने हारमोनियम संगत से गायन को नई ऊंचाई दी।

वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी मदन लाल डंगवाल ने स्वांग मिश्रित होली नृत्य से हास्य-रस का संचार किया। कवि जय कृष्ण पैन्यूली, शिक्षक अजय प्रकाश चौधरी (ढपली संगत), तथा डॉ. महेशा नंद नौड़ियाल ने भी सुमधुर प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में डॉ. आर.पी. थपलियाल, कटकेश्वर महादेव के महंत महेश गिरि, आर.पी. कपरुवाण, हीरामणि काला, मीनाक्षी चमोली, हेम चन्द्र ममगाईं, माधुरी नैथानी, अनीता नौड़ियाल, कौशल्या नैथानी, पूनम थपलियाल, देवेन्द्र उनियाल, प्रो. आर.एन. गैरोला, शिव सिंह नेगी तथा नगर निगम पार्षद प्रवेश चमोली सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।

लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के तबला वादक जैनेन्द्र गुंसाई ने प्रभावशाली वादन से वातावरण को ऊर्जावान बनाया। अंत में “ऐसी होली खेलें जनाब ए अली…” के सामूहिक गायन, फूलों की वर्षा और नृत्य के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल ने कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग एवं सांस्कृतिक संवाद भी रिकॉर्ड किए।

यह आयोजन गढ़वाल की समृद्ध लोक परंपरा और बैठकी होली की जीवंत सांस्कृतिक धरोहर का सशक्त उदाहरण बना।

https://www.holifestival.org/images/Holi-in-Uttrakhand.jpg