राजधानी देहरादून में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए हिंसक विवाद ने एक युवक की जान ले ली। इस घटना में मुजफ्फरनगर के भोपा निवासी 22 वर्षीय छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है और घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह घटना प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में सोमवार रात हुई। यहां एक निजी संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट के दौरान दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक उपचार के दौरान देर रात दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवकों के बीच आपसी झगड़े में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष एक ही निजी संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सोमवार रात विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Admin






