kotha
post authorAdmin 25 Mar 2026

ऋषिकेश के ढालवाला क्षेत्र में हाथी की दस्तक से दहशत, देर रात गलियों में घूमता रहा जंगली हाथी.

ऋषिकेश: नगर पालिका परिषद मुनि की रेती के अंतर्गत ढालवाला क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक जंगली हाथी आवासीय इलाके में पहुंच गया। वार्ड संख्या 10 और 11 की आंतरिक गलियों में हाथी करीब एक से डेढ़ घंटे तक घूमता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि 23 मार्च की देर रात हाथी जंगल की सीमा से निकलकर सीधे आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। हाथी की मौजूदगी से क्षेत्र के लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से हाथी की गतिविधियों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए।

इस दौरान हाथी ने दो आवासीय भवनों की चहारदीवारी को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।

स्थानीय निवासी मनोज पंवार, वीरेंद्र पटवाल और विनोद सकलानी ने बताया कि रात में हाथी के घूमने से लोगों में भय का माहौल बन गया। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

इस संबंध में नरेंद्रनगर रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि हाथी के क्षेत्र में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। वन कर्मचारियों ने सतर्कता बरतते हुए हाथी को आबादी से हटाकर वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया।

वन विभाग के अनुसार ढालवाला क्षेत्र जंगल से सटा हुआ है और चंद्रभागा नदी के किनारे से कई बार हाथी आबादी की ओर मुड़ आते हैं। विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।