kotha
post authorAdmin 25 Mar 2026

देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया 1100 कन्याओं का पूजन, नवरात्र पर दिया बेटी सम्मान का संदेश.

देहरादून।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामीi ने  प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में लगभग 1100 कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने कन्याओं के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र केवल आस्था का पर्व नहीं बल्कि शक्ति, संस्कार और नारी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ाते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी का स्वरूप माना गया है और बेटियां अपने संस्कार, प्रेम और त्याग से परिवार और समाज को सशक्त बनाती हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। इनमें छात्रवृत्ति योजनाएं, कक्षा 9 में प्रवेश पर साइकिल वितरण, 12वीं पास करने पर प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण शामिल है।

इसके अलावा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 61 हजार रुपये तक की सहायता तथा व्यक्तिगत विवाह के लिए 55 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद दी जा रही है। अनुसूचित जाति, जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को भी विवाह के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति को अपना संकल्प बनाएं, ताकि कन्या पूजन की भावना समाज में वास्तविक रूप से सार्थक हो सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारे में भी मत्था टेका। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, विनय रोहिला, सिद्धार्थ अग्रवाल, विनोद पंवार, विनय गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।