kotha
post authorAdmin 26 Mar 2026

चार धाम यात्रा 2026: 19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी.

देहरादून। उत्तराखंड में चार धाम यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चार धाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और आर्थिक अवसर भी है। इस दौरान राज्य के लोग देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत करते हैं।

मुख्यमंत्री धामी के अनुसार यात्रा मार्गों पर सड़कों के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत ढांचे के विकास, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग और यातायात प्रबंधन जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 की चार धाम यात्रा प्राकृतिक आपदाओं के कारण डेढ़ महीने से अधिक समय तक बाधित रही, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चार धाम के दर्शन किए।

उन्होंने जानकारी दी कि चार धाम यात्रा 2026 के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। इसके अलावा गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के अतिथि गृहों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है, जो यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के उत्साह को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुखद चार धाम दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों—जैसे अतिथि गृह संचालक, ढाबा संचालक, टैक्सी और परिवहन सेवाओं से जुड़े लोग—के साथ पहले से ही समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रशासन समय-समय पर यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाता रहेगा, जिससे वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें।

उन्होंने यह भी बताया कि चार धाम यात्रा की तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है और वे स्वयं भी जल्द ही तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

राज्य सरकार को उम्मीद है कि समन्वित प्रयासों से चार धाम यात्रा 2026 को पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा।