kotha
post authorAdmin 27 Mar 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ₹242 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी, सड़क-पुल, गंगा कॉरिडोर और शहरी परियोजनाओं को मिलेगा बड़ा लाभ.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने के लिए ₹242 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में शहरी अवस्थापना सुविधाओं के विकास, शारदा रिवर फ्रंट परियोजना, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण, बाढ़ सुरक्षा कार्यों तथा विभिन्न सरकारी भवनों के निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत यूआईआईडीबी द्वारा संचालित परियोजनाओं के लिए ₹109 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। इसमें प्रमुख रूप से शारदा रिवर फ्रंट परियोजना, हरिद्वार मास्टर प्लान और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त राज्य योजना के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल जिले में कई सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

गोदी-बजूण मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार के लिए ₹3.15 करोड़

कोटा देवप्रयाग-व्यासघाट मार्ग के सुधार कार्य के लिए ₹3.28 करोड़

देहरादून जिले के मसूरी मार्ग पर स्थित क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर 60 मीटर स्पान का दो लेन बॉक्स सेतु बनाने के लिए ₹12 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

उधम सिंह नगर जिले में रुद्रपुर क्षेत्र के छत्तरपुर से शांति विहार होते हुए भूरारानी ग्राम तक मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹2.47 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

हरिद्वार में हर-की-पौड़ी से मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे परियोजना के तहत सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए आईआईटी रुड़की से भू-स्थिरता विश्लेषण कराने हेतु ₹46.89 लाख की मंजूरी दी गई है।

पुलिस विभाग से संबंधित आधारभूत ढांचे को भी मजबूत किया जाएगा। इसके अंतर्गत:

आईजी कैंप कार्यालय हल्द्वानी में नए कार्यालय भवन के निर्माण हेतु ₹1.62 करोड़

आईआरबी द्वितीय वाहिनी देहरादून में आवासीय भवन निर्माण हेतु ₹3 करोड़

240 बेड वाले प्रशिक्षण बैरक के निर्माण के लिए ₹9.77 करोड़

इसके साथ ही पौड़ी गढ़वाल के सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत के लिए ₹76.35 करोड़ नाबार्ड से वित्त पोषित किए जाने को मंजूरी दी गई है।

पिथौरागढ़, बाजपुर और उधम सिंह नगर में भी सड़क एवं मार्ग निर्माण के लिए लाखों रुपये की परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। चम्पावत जिले में चल्थी-नौलापानी मार्ग सुधार और रीठा साहिब से नधौर ट्रैकिंग रूट निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

राज्य अतिथि गृह, सर्किट हाउस एनेक्सी के रिनोवेशन और अनुरक्षण कार्यों के लिए ₹7.53 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

नगर पंचायत इमलीखेड़ा (हरिद्वार) के कार्यालय भवन निर्माण हेतु ₹1.58 करोड़ तथा स्थानीय निकायों के लिए कूड़ा परिवहन वाहनों की आपूर्ति हेतु ₹3.92 करोड़ भी स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कालाढूंगी नगर पालिका में स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए ₹1.49 करोड़ की मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि के तहत नैनीताल जिले की निवासी श्रीमती कांता देवी को उनके आवेदन की तिथि 26 अप्रैल 2024 से ₹20 हजार प्रतिमाह सम्मान राशि देने की स्वीकृति भी प्रदान की है।