देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। राज्य में 85 प्रतिशत मतदाताओं की बीएलओ (Booth Level Officer) मैपिंग पूरी हो चुकी है, जिसके बाद अब 1 अप्रैल से प्री-एसआईआर (Pre-Special Intensive Revision) का सघन मैपिंग अभियान शुरू किया जाएगा।
यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए राजनीतिक दलों ने अब तक करीब 19 हजार बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त कर दिए हैं। ये एजेंट अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची की निगरानी और सत्यापन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. जोगदंडे के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर अब अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted) और मृत (Dead) मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
मतदाताओं के लिए नई सुविधा
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “Book a Call with BLO” फीचर शुरू किया है। इसके जरिए मतदाता केवल एक क्लिक में अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
इसके लिए मतदाता
https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर
या
ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड करके
अपनी कॉल बुक कर सकते हैं।
कॉल बुक करने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेंगे और आवश्यक जानकारी या सहायता उपलब्ध कराएंगे।
निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।



Admin






