डोईवाला।
मुख्य बाजार क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 25 लोगों के चालान किए हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मंगलवार सुबह कोतवाली पुलिस की टीम अचानक मुख्य बाजार क्षेत्र में पहुंची और सड़क पर फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मुख्य बाजार से लेकर मिल रोड और रेलवे रोड क्षेत्र तक निरीक्षण किया।
इस दौरान कई दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सड़क तक फैलाकर रखने की शिकायत मिली। इससे यातायात प्रभावित हो रहा था और आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को चेतावनी देते हुए अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 लोगों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क पर सामान फैलाकर अतिक्रमण न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Admin






