kotha
post authorAdmin 01 Apr 2026

ऋषिकेश में टोल भुगतान पूरी तरह कैशलेस, अब फास्टैग या यूपीआई से ही कटेगा शुल्क.

ऋषिकेश क्षेत्र के टोल प्लाजा पर आज से टोल वसूली की व्यवस्था पूरी तरह से कैशलेस कर दी गई है। बुधवार से लागू इस नई व्यवस्था के तहत अब टोल प्लाजा से गुजरने वाले सभी वाहनों को फास्टैग या यूपीआई के माध्यम से ही भुगतान करना होगा, नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

टोल प्रबंधन के अनुसार डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और यातायात को अधिक सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतारों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रबंधन का कहना है कि कैशलेस भुगतान प्रणाली लागू होने से टोल वसूली प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकेगी।

लच्छीवाला टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर मनीष नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब केवल फास्टैग और यूपीआई के जरिए ही टोल शुल्क स्वीकार किया जाएगा

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे टोल प्लाजा से गुजरने से पहले अपने वाहन में सक्रिय फास्टैग या डिजिटल भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।