देहरादून:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में नवनियुक्त स्वच्छता निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता को पर्यटन राज्य की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक पर्यटन प्रधान राज्य है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में राज्य के शहरों और कस्बों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखना बेहद जरूरी है।
सीएम धामी ने कहा कि नवनियुक्त निरीक्षकों के लिए यह उनके जीवन का नया पड़ाव है और इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी निरीक्षक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल पेश करेंगे।
संसाधन सीमित हों, संकल्प बड़ा होना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नवाचार और नई पहल जरूरी हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसा कार्य करें जिससे अन्य नगर निकाय भी प्रेरणा लें।
उन्होंने कहा कि संसाधन सीमित हो सकते हैं और चुनौतियां भी सामने आ सकती हैं, लेकिन अगर संकल्प मजबूत हो तो हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। मजबूत इच्छाशक्ति और टीमवर्क के साथ कार्य कर स्वच्छ और सुंदर नगर निकायों का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
शहरी विकास विभाग के नए निदेशालय का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग के नए निदेशालय भवन का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक आधुनिक और सुव्यवस्थित भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
नया भवन बनने के बाद विभाग के अधिकतर कार्यालय एक ही स्थान पर संचालित होंगे, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाएं बेहतर होंगी और पूरे राज्य में शहरी विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग भी आसान होगी।
राज्य में 108 स्थानीय निकाय
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड में 63 स्थानीय निकाय थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 108 हो चुकी है।
इनमें
11 नगर निगम
46 नगर पालिकाएं
51 नगर पंचायत
शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि ये सभी नगर निकाय आज शहरों के विकास और आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। राज्य सरकार इन शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि स्थानीय निकाय समग्र विकास के मजबूत स्तंभ हैं और सभी स्वच्छता निरीक्षक इस मजबूत नींव के महत्वपूर्ण पत्थर हैं।




Admin






