हरिद्वार।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। डामकोठी अतिथि गृह में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी वर्ष आयोजित होने वाले इस वैश्विक धार्मिक आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कुंभ जैसा विराट आयोजन देश-दुनिया की आस्था से जुड़ा है, इसलिए तैयारियों में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और तय समयसीमा में परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए धार्मिक संगठनों, साधु-संतों और स्थानीय समाज के सहयोग से दिव्य और भव्य व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुंभ से जुड़े विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी तथा आवश्यक स्वीकृतियां तत्काल जारी की जाएंगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और पार्किंग से जुड़े स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं के क्रियान्वयन की रणनीति तैयार की जाए।
सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीकों से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर स्थापित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर-2 भवन परियोजना को भी जल्द वित्तीय स्वीकृति देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से जुड़ी योजनाओं को भी प्राथमिकता देने और शीघ्र स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ऋषिकेश, मुनीकीरेती और कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में स्वच्छता, सुरक्षा, सीवरेज प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही डामकोठी अतिथि गृह के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए अतिथि गृह के निर्माण की योजना तैयार करने को कहा।
बैठक में मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने बताया कि कुंभ मेले से संबंधित सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी 33 स्थायी परियोजनाओं पर वर्तमान में कार्य चल रहा है और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति पर हैं।
उन्होंने बताया कि मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार की योजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा मेले के लिए प्रस्तावित अन्य स्थायी और अस्थायी व्यवस्थाओं की जानकारी भी बैठक में दी गई।
बैठक में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Admin






