kotha
post authorAdmin 18 Mar 2026

सीएम धामी ने ‘प्रयास बेहतर कल के लिए’ स्मारिका का किया विमोचन, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान.

देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का औपचारिक विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को स्मारिका के प्रकाशन के लिए बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की पहलें न केवल खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करती हैं बल्कि सकारात्मक और स्वस्थ कार्य संस्कृति के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने सचिवालय के कर्मचारियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, जिसका सकारात्मक प्रभाव कार्यकुशलता पर भी पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और गतिविधियों की सराहना करते हुए आशा जताई कि यह प्रकाशन आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रधान संपादक भूपेंद्र सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन बिष्ट, संयुक्त सचिव पुष्कर सिंह नेगी, सदस्य चंद्रशेखर, रंजीत सिंह, दीपक बिष्ट, विमला आर्या, दीपा बोहरा और संदीप कुमार सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।