kotha
post authorAdmin 18 Mar 2026

10 गाड़ियों में भरकर आए गुंडों का टोल प्लाजा पर धावा, कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, आधे घंटे तक फ्री में गुजरते रहे वाहन.

देहरादून से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बदमाशों के एक समूह ने टोल प्लाजा पर हमला बोल दिया। आरोप है कि करीब 25 से 30 लोग कई कारों में सवार होकर पहुंचे और टोल कर्मचारियों पर बेल्ट और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

यह घटना दून-हरिद्वार हाईवे पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को हरिद्वार की ओर से कई कारों में सवार लोग लच्छीवाला टोल प्लाजा पहुंचे। कुछ वाहन बिना किसी विवाद के निकल गए, लेकिन एक कार चालक ने टोल देने से इनकार कर दिया।

इसी बात को लेकर टोलकर्मियों और कार सवार युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

टोल प्लाजा के प्रबंधक मनीष नेगी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार सवार युवकों ने पहले टोल पर तैनात महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता की।

सूचना मिलने पर टोल प्रबंधक मनीष नेगी और प्रभाकर सिंह मौके पर पहुंचे। प्रभाकर सिंह ने जब घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करना शुरू किया तो आरोपी युवक भड़क गए और उनके साथ मारपीट करने लगे।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद कार सवार युवकों ने आगे निकल चुके अपने अन्य साथियों को भी वापस बुला लिया।

इसके बाद करीब 25 से 30 लोग कारों से उतरकर टोल कर्मचारियों पर टूट पड़े।

हमलावरों ने बेल्ट और लोहे के औजारों से कर्मचारियों की पिटाई की। इस दौरान टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आरोपियों ने टोल प्लाजा का नाका जबरन उठा दिया और करीब आधे घंटे तक वाहनों को बिना टोल दिए गुजरने दिया।

इतना ही नहीं, हमलावरों ने टोल मैनेजर का मोबाइल फोन छीनकर घटना का वीडियो भी डिलीट करा दिया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

इस मामले में डोईवाला कोतवाली के प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि टोल प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।