उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
Pushkar Singh Dhami से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बणगांव–चोपड़ा–कसलाना मोटर मार्ग और दिवारीखौल–जोखणी मोटर मार्ग को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार दूरस्थ गांवों तक सड़क सुविधा पहुँचाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क बढ़ने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होगी।
उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग दें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष चैन सिंह महर, विजय बडोनी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शैलेन्द्र कोहली, प्रधान संगठन उत्तरकाशी के पूर्व जिला अध्यक्ष जगबीर रावत, कृषक कृषि उद्यमी संगठन उत्तरकाशी के जिला अध्यक्ष बलबीर रावत, एबीवीपी के पूर्व संगठन मंत्री प्रहलाद राणा, पूर्व सैनिक एवं राज्य आंदोलनकारी संगठन अध्यक्ष महाबीर सिंह चौहान, कुलबीर सिंह रावत, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नितेश रावत, विपिन बिष्ट, कुलदीप रावत और मंजीत राणा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रतीकात्मक फोटो



Admin






