उत्तराखंड के रायवाला क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही रेलवे फाटक की समस्या अब संसद तक पहुंच गई है। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में रायवाला रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग उठाई।
सांसद ने कहा कि रायवाला रेलवे फाटक बंद रहने की स्थिति में रायवाला छावनी सहित आसपास के कई गांवों के हजारों लोग घंटों जाम में फंस जाते हैं। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ दैनिक यातायात भी गंभीर रूप से प्रभावित होता है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्राम पंचायत प्रतीत नगर, गौहरी माफी, रायवाला और खांड गांव के निवासियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में यह भी कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को देखते हुए क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है। कुंभ के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते हैं, ऐसे में रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की स्थिति बड़ी समस्या बन सकती है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन पर स्थित रायवाला रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए, ताकि स्थानीय जनता को राहत मिल सके और भविष्य में कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान यातायात सुचारु रखा जा सके।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि संसद में मामला उठने के बाद इस दिशा में जल्द ही सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

रायवाला रेलवे क्रॉसिंग



Admin






