kotha
post authorAdmin 21 Mar 2026

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सनातन परंपरा आधारित पंचांग कैलेंडर का विमोचन.

देहरादून। हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने तथा जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के कारण देश और दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां की परंपराएं केवल आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह राज्य की जीवनशैली, सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि इस पंचांग कैलेंडर के माध्यम से राज्यवासियों को तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व और महत्वपूर्ण धार्मिक अवसरों की सटीक जानकारी प्राप्त होगी। साथ ही लोगों को पारंपरिक त्योहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों की महत्ता को समझने का भी अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस कैलेंडर में उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और आस्था स्थलों को विशेष रूप से स्थान दिया गया है। ये स्थल न केवल श्रद्धा के केंद्र हैं बल्कि राज्य की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक भी हैं।

उन्होंने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह कैलेंडर राज्य के नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और आने वाले समय में इसे और अधिक व्यापक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

CM Pushkar Singh Dhami performs havan on Hindu New Year in Dehradun