kotha
post authorAdmin 22 Mar 2026

चमोली में नकली ज्वैलरी गिरोह का पर्दाफाश: फर्जी हॉलमार्क लगाकर बेचते थे नकली गहने, दो आरोपी गिरफ्तार.

उत्तराखंड के चमोली जिले में नकली ज्वैलरी पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से हॉलमार्क लगाने की मशीन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

यह मामला ज्योतिर्मठ क्षेत्र से सामने आया, जहां एक महिला के साथ ज्वैलरी बदलकर ठगी की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को लवली रावत, पत्नी संदीप रावत, निवासी ग्राम बैंग (हाल निवासी डाडो) ज्योतिर्मठ ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने जुलाई 2025 में अपनी सोने की नथ और झुमके 40 हजार रुपये में गिरवी रखे थे। यह ज्वैलरी अपर बाजार ज्योतिर्मठ स्थित आदय ज्वैलर्स के संचालक बंटी कुमार के पास रखी गई थी, जिस पर हर महीने 2 हजार रुपये ब्याज तय किया गया था।

महिला ने नवंबर 2025 में 40 हजार रुपये वापस कर दिए और दिसंबर में अपनी ज्वैलरी वापस ले ली। लेकिन जब उन्होंने नथ और झुमके पहने तो आसपास के लोगों ने गहनों के नकली होने की आशंका जताई।

शक होने पर महिला ने गहनों को बाजार के अन्य ज्वैलर्स को दिखाया। जांच में सामने आया कि नथ और झुमके नकली हैं और उन पर चालाकी से फर्जी हॉलमार्क लगाया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्योतिर्मठ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी बंटी कुमार से दो नकली नथ और दो झुमके बरामद कर सील किए गए।

गहन पूछताछ में बंटी कुमार ने कबूल किया कि उसने महिला के असली सोने के गहनों को बदलकर नकली गहने तैयार करवाए और उन पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर वापस कर दिए।

पूछताछ में एक और बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि कर्णप्रयाग निवासी पंकज कुमार प्रभु कम कैरेट के गहनों पर फर्जी 20 कैरेट की मोहर लगाकर उन्हें असली हॉलमार्क ज्वैलरी जैसा बनाता था। इसके लिए उसके पास बिना लाइसेंस की हॉलमार्क मशीन भी थी।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कर्णप्रयाग पहुंचकर बंटी कुमार की निशानदेही पर पंकज कुमार प्रभु को कर्णप्रयाग बाजार से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Press Release:Press Information Bureau