kotha
post authorAdmin 22 Mar 2026

उत्तराखंड: चीन सीमा क्षेत्र की नीती घाटी में पहली बार होगी 75 किलोमीटर की अल्ट्रा मैराथन, पंजीकरण शुरू.

उत्तराखंड के सीमांत इलाकों में पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। चमोली जिले की खूबसूरत लेकिन दुर्गम नीती घाटी में इस वर्ष पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की “नीती एक्सट्रीम अल्ट्रा रन” का आयोजन किया जा रहा है।

पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित यह मैराथन 31 मई और 1 जून को आयोजित होगी। इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी शुरू कर दिए गए हैं।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

दौड़ के विभिन्न वर्ग

इस आयोजन के तहत अलग-अलग दूरी की चार श्रेणियों में दौड़ आयोजित की जाएगी।

42 किलोमीटर मैराथन
यह दौड़ लगभग 3100 मीटर ऊंचाई पर स्थित मलारी गांव से शुरू होगी और 3600 मीटर ऊंचाई पर स्थित नीती गांव तक जाएगी। इसके बाद धावक वापस मलारी लौटकर दौड़ पूरी करेंगे।

75 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन
यह दौड़ 4340 मीटर ऊंचाई पर स्थित सीमांत क्षेत्र रिमखिम से शुरू होगी। यह मार्ग सुमना होते हुए नीती गांव और फिर मलारी तक पहुंचेगा।

21 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़
एक जून को आयोजित होने वाली इन दौड़ों में 5 किलोमीटर दौड़ ओपन कैटेगरी की होगी, जिसमें हर आयु वर्ग के महिला-पुरुष भाग ले सकते हैं।

???????? 75 किमी अल्ट्रा रन केवल भारतीयों के लिए

चीन सीमा से सटे इस क्षेत्र में विदेशी नागरिकों के लिए इनर लाइन परमिट जारी नहीं किया जाता। इसलिए 75 किमी अल्ट्रा रन केवल भारतीय प्रतिभागियों के लिए ही होगी।

इस श्रेणी में भाग लेने के लिए धावकों को कुछ अनुभव संबंधी शर्तें पूरी करनी होंगी:

पिछले 10 महीनों में 42 किमी दौड़ पूरी की हो

या 6 महीनों में दो 21 किमी हाफ मैराथन पूरी की हों

या आदि कैलाश अल्ट्रा रन या अन्य अल्ट्रा रन पूरी की हो

इस अल्ट्रा दौड़ को पूरा करने की समय सीमा 14 घंटे निर्धारित की गई है।

42 किमी मैराथन में विदेशी भी भाग ले सकेंगे

42 किमी मैराथन के लिए इनर लाइन परमिट की आवश्यकता नहीं है, इसलिए इसमें विदेशी प्रतिभागी भी शामिल हो सकते हैं।

इसके लिए प्रतिभागियों को पिछले 6 महीनों में उच्च हिमालयी क्षेत्र की 21 किमी दौड़ या पिछले 10 महीनों में दो हाफ मैराथन पूरी करने का प्रमाण देना होगा।

इस मैराथन को पूरा करने की समय सीमा 8 घंटे रखी गई है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, इस आयोजन से सीमांत क्षेत्रों में एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Niti Village in Niti Valley - Niti Valley Travel Guide, Location How To  Reach