देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित दो महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं की नई तिथियां घोषित कर दी गई हैं।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा और विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों की परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
गौरतलब है कि 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा में पटवारी, लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारी सहित कई पदों के लिए परीक्षा आयोजित हुई थी, लेकिन परीक्षा के दौरान एक केंद्र से पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सरकार ने परीक्षा को रद्द कर दिया था।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए परीक्षा को पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार:
विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों की परीक्षा – 3 मई 2026
स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा – 17 मई 2026
लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह खबर राहत भरी है क्योंकि अब उन्हें तैयारी के लिए स्पष्ट समय मिल गया है।
टैब आधारित परीक्षा प्रणाली
आयोग विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हता वाले 18 प्रकार के पदों के लिए परीक्षा टैब आधारित प्रणाली से आयोजित करेगा।
इन पदों के लिए 3 दिसंबर को आवेदन मांगे गए थे
कुल 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया
आयोग ने परीक्षा संचालन के लिए इच्छुक एजेंसियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं।
एजेंसियां 27 मार्च तक आवेदन कर सकती हैं
चयनित एजेंसियां 4 अप्रैल को सुबह 11 बजे आयोग कार्यालय में प्रस्तुतीकरण देंगी
ऐसे हुआ था पेपर लीक
21 सितंबर 2025 को आयोजित परीक्षा शुरू होने के 35 से 40 मिनट के भीतर प्रश्नपत्र के तीन पन्ने सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खालिद मोहम्मद ने हरिद्वार के एक परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र की तस्वीर अपनी बहन को भेजी थी, जिसके बाद वह सोशल मीडिया पर फैल गई।
इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और नकल माफिया हाकम सिंह का नाम भी सामने आया था।
भारी विरोध के बाद सरकार ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी की जांच रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा को निरस्त कर दिया था और पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया।
अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद हजारों अभ्यर्थियों को फिर से अवसर मिलने जा रहा है।



Admin






