kotha
post authorAdmin 22 Mar 2026

गाजियाबाद-उत्तराखंड समाज में विशेष उत्साह:हेमंत जोशी के खोड़ा नगर पालिका में मनोनीत सभासद बनने पर भव्य स्वागत, क्षेत्र में खुशी की लहर.

गाजियाबाद के खोड़ा मकनपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब युवा भाजपा कार्यकर्ता हेमंत जोशी को राज्यपाल द्वारा मनोनीत सभासद बनाए जाने की खबर सामने आई। उनके मनोनयन के बाद स्थानीय लोगों, भाजपा पदाधिकारियों और उत्तराखंड समाज के प्रतिनिधियों ने उनके आवास पर पहुंचकर भव्य स्वागत किया।

ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ हेमंत जोशी का अभिनंदन किया गया। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। स्वागत समारोह में मौजूद समर्थकों और युवाओं ने नृत्य कर जश्न मनाया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड जन कल्याण विकास समिति खोड़ा के अध्यक्ष जगदीश भट्ट, पूर्व अध्यक्ष दिवान सिंह लटवाल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण रावत, जयपाल पुंडीर, मुकेश गिरी, भाजपा नेत्री कविता कारगेती, भाजपा नेता पृथ्वी डागर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसके अलावा उत्तराखंड समाज के कई प्रमुख लोग जैसे बृजमोहन गुसाई, गोपाल पांडे, हंसादत्त बेलवाल, गोपाल नेगी, बिशन सिंह नेगी, दीपा जोशी, रमेश नैलवाल, बिशन पांडे, पंडित जुयाल, पंडित हरीश जोशी, पंडित रमेश करगेती, भुवन जोशी, हरीश जोशी, हरेंद्र डागर सहित क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में हेमंत जोशी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, स्थानीय विधायक संजीव शर्मा और सांसद अतुल गर्ग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक शिक्षित युवा पर भरोसा जताया है और वह इस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि खोड़ा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या पानी की कमी है और वह इस मुद्दे को नगर पालिका परिषद में प्रमुखता से उठाएंगे। उनका लक्ष्य क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और विकास कार्यों को तेज करना है।

हेमंत जोशी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में छात्र जीवन के दौरान उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़कर सामाजिक कार्यों की शुरुआत की थी। इसके बाद 2018 से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहते हुए उन्होंने बूथ स्तर से लेकर महानगर सोशल मीडिया संयोजक जैसे विभिन्न पदों पर जिम्मेदारियां निभाईं।

उनके मनोनीत सभासद बनने से क्षेत्र के युवाओं और उत्तराखंड समाज में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक शिक्षित और सक्रिय युवा के नेतृत्व से खोड़ा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।