नई दिल्ली: चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व के चौथे दिन आध्यात्मिक शक्ति की प्रतीक मां कूष्मांडा की आराधना देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ की जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मां कूष्मांडा की दिव्य ऊर्जा से जीवन में सकारात्मकता और नवचेतना आने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि मां कूष्मांडा अदम्य साहस और आध्यात्मिक शक्ति की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देवी की वंदना से श्रद्धालुओं के मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और जीवन में नई प्रेरणा मिलती है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के साथ एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया।
“सुरासम्पूर्णकलशं रुधिराप्लुतमेव च।
दधाना हस्तपद्माभ्यां कूष्माण्डा शुभदाऽस्तु मे॥”
इस श्लोक का भावार्थ है कि माता कूष्मांडा, जो अपने पवित्र हाथों में सुरा और रक्त से भरे कलश धारण करती हैं, वे सभी भक्तों को आशीर्वाद दें और उनका कल्याण करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में देवी भक्ति से जुड़ा एक भक्ति गीत भी साझा करते हुए लिखा कि माता की भक्ति में अद्भुत शक्ति होती है, जो श्रद्धालुओं के मन को सकारात्मक ऊर्जा से भर देती है।
इस अवसर पर कई केंद्रीय मंत्रियों और राजनीतिक नेताओं ने भी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने संदेश में कहा कि मां कूष्मांडा का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मां अम्बे के चौथे स्वरूप को नमन करते हुए प्रार्थना की कि माता सभी को रोग, शोक और भय से मुक्त करें तथा यश, बल और दीर्घायु प्रदान करें।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपने संदेश में मां कूष्मांडा से प्रार्थना करते हुए कहा कि देवी सभी के जीवन में ऊर्जा, सुख और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें।
देशभर के मंदिरों और घरों में भक्त आज मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।



Admin






