देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में सोमवार को उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया और इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास स्टॉलों का निरीक्षण किया।
राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 23 मार्च से 25 मार्च तक चलने वाले इन कार्यक्रमों की शुरुआत देहरादून के परेड ग्राउंड से हुई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने वाले एक स्टॉल पर पहुंचकर पारंपरिक सेल रोटी भी बनाई। यह दृश्य कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर और मेयर सौरभ बहुगुणा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में भी किया जा रहा है ताकि राज्य की जनता सरकार की उपलब्धियों से अवगत हो सके।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके अलावा राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून और कठोर धर्मांतरण कानून भी लागू किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और बिजली उत्पादन में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के कार्यों से जनता संतुष्ट है और यही विश्वास 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगा।



Admin






