पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को सभी 30 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इस चुनाव में एक खास और आकर्षक पहल देखने को मिली है, जिसने मतदान प्रक्रिया में तकनीक और परंपरा का अनोखा संगम पेश किया।
भारत निर्वाचन आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुडुचेरी के एक मतदान केंद्र पर ‘नीला’ नाम का वेलकम रोबोट तैनात किया गया है, जो साड़ी पहनकर आगंतुकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत कर रहा है।
यह रोबोट विशेष रूप से इंटरनेशनल इलेक्शन विजिटर्स प्रोग्राम (IEVP) के तहत आए प्रतिनिधियों का स्वागत करने के लिए लगाया गया है। आयोग ने अपने पोस्ट में लिखा कि पुडुचेरी में नवाचार और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है, जहां साड़ी पहने ‘नीला’ रोबोट विदेशी प्रतिनिधियों का अभिनंदन कर रहा है।
इससे पहले भी निर्वाचन आयोग ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें दिखाया गया कि एक मतदान केंद्र पर यह रोबोट मतदाताओं का स्वागत कर रहा है और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित कर रहा है। आयोग ने इसे “स्वैग के साथ स्वागत” बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के कर्तव्य और जिम्मेदारी को याद दिलाने का एक अनोखा तरीका है।
मतदान केंद्रों पर तैनात इस रोबोट ने न केवल मतदाताओं का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि चुनाव प्रक्रिया को और अधिक आधुनिक और आकर्षक बनाने में भी मदद की। कई मतदाताओं और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना की।
मतदान प्रक्रिया शाम तक जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।
इस चुनाव में शासन, कल्याणकारी योजनाएं, रोजगार और नेतृत्व जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। अब सबकी नजर 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी है, जो तय करेंगे कि पुडुचेरी में एनडीए सरकार बरकरार रहती है या राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आता है।



Admin






