देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच आज एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी 27 सूत्रीय मांगें रखीं। इनमें प्रमुख रूप से पदोन्नति, वेतनमान में सुधार, सेवा संरचना तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को बाधित नहीं होना चाहिए, इसलिए सभी पक्षों को राज्यहित को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक वातावरण में समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
बैठक के बाद उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर आर.सी. शर्मा ने जानकारी दी कि महासंघ के सदस्य अपनी 27 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर 23 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद महासंघ ने 10 अप्रैल 2026 से अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल राज्यहित में स्थगित करने का निर्णय लिया है।
महासंघ के इस निर्णय के बाद प्रदेश में चल रहे कई विकास कार्यों और तकनीकी विभागों में कार्यप्रणाली के सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।



Admin






