देहरादून ।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत उत्तराखंड पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। देहरादून पुलिस, टिहरी पुलिस और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कई फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
सबसे महत्वपूर्ण कार्रवाई देहरादून के राजपुर क्षेत्र में हुए फायरिंग हत्याकांड में हुई, जहां पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा शामिल हैं। यह घटना एक बार में हुए विवाद के बाद दो पक्षों के बीच सड़क पर पीछा करते हुए हुई फायरिंग से जुड़ी है। इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को गोली लगने से उनकी मृत्यु हो गई थी।
पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इसी क्रम में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश रमेश लहारे को देहरादून पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के आधार पर चिन्हित कर पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे विधिक प्रक्रिया पूरी कर महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिया गया।
एक अन्य बड़ी सफलता में उड़ीसा के कटक से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी में देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा देहरादून के डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया गया। इस अभियान में सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाते हुए 06 लोगों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट और 14 लोगों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए नो-पार्किंग जोन में खड़े 08 वाहनों को क्रेन से हटाकर कोतवाली कैंट लाया गया और उनके चालकों का चालान किया गया।
डीजीपी उत्तराखंड दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पीजी, हॉस्टल, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है, वहीं संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच भी लगातार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पब-बार पर भी निगरानी बढ़ाई गई है तथा शहरों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है।




Admin





