टिहरी (उत्तराखंड)।
टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक क्षेत्र में जंगल में भालू के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। सुल्याधार के नीचे थापली तोक के जंगल में भालू की गतिविधियों का निरीक्षण करने गए ग्राम प्रधान और वन विभाग के दरोगा समेत तीन लोगों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया।
हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बाद में ग्रामीणों की मदद से सड़क तक लाकर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और ग्रामीण विनोद सिंह रावत क्षेत्र में बढ़ती भालू की गतिविधियों की जानकारी लेने जंगल गए थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों जंगल के भीतर पहुंचे, वहां पहले से मौजूद एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान तीनों ने हिम्मत नहीं हारी और काफी देर तक भालू से संघर्ष करते रहे। अंततः उन्होंने किसी तरह भालू को वहां से खदेड़ दिया, लेकिन इस दौरान भालू ने अपने तेज नाखूनों से उनके शरीर पर कई गहरे घाव कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायलों को कण्डी और कंधों के सहारे जंगल से सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी इलाके में सुल्याधार निवासी एक महिला पर भी भालू ने हमला कर दिया था, जो अभी भी ऋषिकेश एम्स में उपचाराधीन है।
लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




Admin






