kotha
post authorAdmin 02 Apr 2026

LPG संकट के बीच राहत – शादी के कार्ड से भी मिलेगा गैस कनेक्शन, जल्द लागू होगी नई व्यवस्था.

देहरादून।
मध्य-पूर्व में चल रहे ईरान-अमेरिका-इजराइल तनाव का असर अब भारत की आम रसोई तक पहुंचने लगा है। देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत सामने आ रही है, जिसका असर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को सुबह-सुबह लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।

इसी संकट के बीच शादी-विवाह वाले परिवारों के लिए राहत की खबर सामने आई है। खाद्य पूर्ति विभाग जल्द ही ऐसी नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है जिसके तहत विवाह समारोह वाले परिवार शादी का निमंत्रण पत्र दिखाकर अस्थाई एलपीजी कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे

नैनीताल के जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन के अनुसार, जिन परिवारों में शादी समारोह है उन्हें अपने क्षेत्र के पूर्ति कार्यालय में विवाह का निमंत्रण पत्र और एक प्रार्थना पत्र जमा करना होगा। इसके आधार पर विभाग तुरंत अस्थायी गैस कनेक्शन मंजूर करेगा ताकि शादी के आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए।

सिक्योरिटी मनी जमा करना अनिवार्य

शादी-विवाह के लिए अस्थायी गैस कनेक्शन लेने वाले परिवारों को एक निर्धारित सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी। शादी संपन्न होने के बाद जब सिलेंडर वापस जमा कर दिया जाएगा, तब यह सुरक्षा राशि वापस कर दी जाएगी। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी और सिलेंडरों का दुरुपयोग भी नहीं होगा।

केटरिंग व्यवसायियों में नाराजगी

एलपीजी संकट का असर केटरिंग व्यवसाय पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अल्मोड़ा में केटरिंग व्यवसायियों ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह से मुलाकात कर एक समारोह के लिए 8 से 10 सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। हालांकि प्रशासन ने फिलहाल एक समारोह के लिए केवल दो सिलेंडर देने की ही सहमति जताई है।

इस फैसले से नाराज केटरिंग संचालकों ने कई कार्यक्रमों की एडवांस बुकिंग वापस करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि पर्याप्त गैस आपूर्ति के बिना शादी-समारोहों का संचालन मुश्किल हो रहा है।

होटल-ढाबों में खाना महंगा

एलपीजी की कमी का असर होटल और ढाबों पर भी पड़ा है। गैस सिलेंडर महंगे और दुर्लभ होने के कारण भोजन के दाम बढ़ गए हैं। जहां पहले 50 रुपये में मिलने वाली थाली अब 70 रुपये में मिल रही है, वहीं 80 रुपये की थाली 100 रुपये तक पहुंच गई है।

लकड़ी के कारोबार में अचानक बढ़ोतरी

गैस संकट के चलते कई होटल और ढाबा संचालक अब जलौनी लकड़ी का इस्तेमाल करने लगे हैं। इससे लकड़ी के कारोबार में भी तेजी आई है। नयागांव के लकड़ी कारोबारी सौरव गुप्ता के मुताबिक पहले लकड़ी का इस्तेमाल मुख्य रूप से फैक्ट्री बॉयलरों में होता था, लेकिन अब होटल और रेस्टोरेंट भी बड़ी मात्रा में लकड़ी खरीद रहे हैं।

सरकार की नई योजना लागू होने के बाद उम्मीद है कि शादी-विवाह वाले परिवारों को गैस की समस्या से राहत मिलेगी।