kotha
post authorAdmin 04 Apr 2026

ऋषिकेश: चारधाम यात्रा के लिए चालकों-परिचालकों की व्यवस्था हेतु रोडवेज को मिलेगा 2 लाख का बजट.

ऋषिकेश: आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज प्रशासन ने बसों का विशेष बेड़ा तैयार करने का निर्णय लिया है।

चारधाम यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात होने वाले चालक-परिचालकों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज मुख्यालय ने करीब दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है।

यह राशि विशेष रूप से उन कर्मचारियों के लिए खर्च की जाएगी जो यात्रा के दौरान विभिन्न डिपो से आकर ऋषिकेश में तैनात रहेंगे।

बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है, जिसके लिए रोडवेज लगभग 150 बसों का बेड़ा तैयार करेगा। यह बसें प्रदेश के विभिन्न डिपो से आएंगी, जिनमें कोटद्वार, रामनगर, बागेश्वर, भवाली, लोहाघाट, टनकपुर, काठगोदाम, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, देहरादून ग्रामीण डिपो, पर्वतीय डिपो, श्रीनगर डिपो, ऋषिकेश डिपो, काशीपुर डिपो और रुद्रपुर डिपो शामिल हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान यह बसें करीब डेढ़ महीने तक लगातार संचालित रहेंगी। ऐसे में चालक-परिचालकों के रहने और आराम की बेहतर व्यवस्था के लिए रोडवेज प्रशासन विशेष इंतजाम करेगा।

कर्मचारियों के विश्राम के लिए बेड, बिस्तर, कूलर और पंखे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, साथ ही विश्राम गृहों की रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी।

ऋषिकेश रोडवेज डिपो की प्रभारी एजीएम अंजलिका शर्मा के अनुसार,

“चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले बसों के चालक-परिचालकों की सुविधा के लिए रोडवेज डिपो की ओर से बजट मांगा गया था। मुख्यालय से करीब दो लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। बजट मिलने के बाद आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाई जाएंगी।”

चारधाम यात्रा को देखते हुए रोडवेज की यह तैयारी यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए भी सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित करेगी।

Thrill Tourism Your Ultimate Travel Classifieds Directory