पौड़ी (गढ़वाल):
उत्तराखण्ड के पौड़ी जनपद के विकासखंड कल्जीखाल क्षेत्र में ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल के सहयोग से सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर “स्वस्थ जीवन, खुशहाल जीवन” अभियान के तहत लगाया गया था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को सामान्य स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, लैब परीक्षण, चेस्ट एक्स-रे तथा गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी जांच जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में निर्धारित समय तक 60 सामान्य स्वास्थ्य जांच, 40 लैब परीक्षण और 18 चेस्ट एक्स-रे किए गए।
ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे शिविरों से उन्हें अपने गांव के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह और जांच की सुविधा मिलती है, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है।
यह शिविर सीएचसी घंडियाल की प्रभारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में डॉ. शुभम, सीएचओ अरुण कुमार, दीपक बिष्ट (टीबी यूनिट), लैब टेक्नीशियन अमित बलूनी, एक्स-रे टेक्नीशियन राहुल नेगी और एएनएम सुनीता गुसाईं सहित कई स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इसके अलावा क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता संजू रावत और अन्य आशा बहनों ने भी ग्रामीणों को शिविर तक पहुंचाने और स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामाजिक एवं विधिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी और सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य संदीप रावत का विशेष सहयोग रहा।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की है।



Admin





