kotha
post authorAdmin 05 Apr 2026

नैनीताल में विधायक बेटे का ‘हूटर रौब’ पड़ा भारी: SDM से बहस के बाद फॉर्च्यूनर सीज, कटा चालान.

उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में सत्ता का रौब दिखाना एक विधायक के बेटे को भारी पड़ गया। मॉल रोड पर बिना अनुमति हूटर बजाते हुए घूम रही एक फॉर्च्यूनर कार को पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।

बताया जा रहा है कि वाहन पर उत्तर प्रदेश विधानसभा का स्टीकर लगा था और उसमें उत्तर प्रदेश के जहानाबाद से भाजपा विधायक के बेटे के होने की बात सामने आई है।

घटना के अनुसार गुरुवार को नैनीताल की व्यस्त मॉल रोड पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था। इसी दौरान जाम के बीच से गुजर रही एक फॉर्च्यूनर से लगातार हूटर की आवाज सुनाई दी।

उसी समय वहां से गुजर रहे एसडीएम नवाजिश खलीक ने गाड़ी को रुकवाया और चालक से हूटर बजाने का कारण पूछा। पूछताछ के दौरान बताया गया कि कार उत्तर प्रदेश के जहानाबाद से एक भाजपा विधायक के नाम पर पंजीकृत है और उसमें उनका बेटा बैठा हुआ है।

SDM से अभद्रता का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार जब एसडीएम ने हूटर बजाने की वैधता के बारे में पूछा तो वाहन में बैठे युवक ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।

आरोप यह भी है कि युवक ने अपने पिता के विधायक होने का हवाला देते हुए अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश की और कथित तौर पर मुख्यमंत्री का नाम लेकर भी रौब दिखाने का प्रयास किया।

बढ़ा विवाद, पुलिस को बुलाना पड़ा

मामला बढ़ने पर एसडीएम नवाजिश खलीक ने तुरंत पुलिस को मौके पर बुला लिया। जांच के दौरान वाहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी तत्काल प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इसके बाद पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत वाहन का चालान काटते हुए फॉर्च्यूनर को सीज कर दिया।

पुलिस अधिकारी का बयान

नैनीताल के सीओ सिटी रविकांत सेमवाल ने बताया कि मॉल रोड पर एक वाहन अवैध रूप से हूटर बजाते हुए जा रहा था, जबकि उसमें कोई अधिकृत व्यक्ति मौजूद नहीं था। पूछताछ के दौरान वाहन में बैठे युवक द्वारा एसडीएम से अभद्र व्यवहार करने की शिकायत भी सामने आई।

पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया है।