रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में बन रही महत्वाकांक्षी ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान रुद्रप्रयाग जिले में एक तकनीकी हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन सुरंग के भीतर अचानक मिट्टी धंसने से अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि यह घटना बीती रात उस समय हुई जब सुरंग के अंदर कार्य चल रहा था। अचानक सुरंग के भीतर लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर मिट्टी और मलबा गिर गया, जिसके साथ ऊपर के जल स्रोत से पानी भी सुरंग के अंदर आने लगा।
मलबा और पानी आने से सुरंग का एक हिस्सा अस्थायी रूप से बंद हो गया, जिसके कारण काम कर रहे कर्मचारियों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी मजदूर या कर्मचारी को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सुरंग के ऊपर एक प्राकृतिक जल स्रोत मौजूद है। संभावना जताई जा रही है कि उसी स्रोत के कारण मिट्टी का कटाव हुआ और पानी के साथ मलबा सुरंग के भीतर आ गया।
तकनीकी टीम और विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों में विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी और उसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना को उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं में माना जाता है, जो गढ़वाल क्षेत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है।



Admin





