उत्तराखंड के चमोली जिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम के व्यापक विकास को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। यह बैठक बीआरओ गेस्ट हाउस में आयोजित की गई, जिसमें बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। संबंधित विभागों द्वारा बताया गया कि मास्टर प्लान के अंतर्गत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आवागमन व्यवस्था में सुधार और आधुनिक सुविधाओं के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सभी कार्य नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बद्रीनाथ धाम को एक भव्य, सुरक्षित और अत्याधुनिक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी बाधा की स्थिति में त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवागमन, आवास, स्वच्छता, पेयजल और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि विकास कार्यों के दौरान धाम की पारंपरिक पहचान, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखा जाए।



Admin





