उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी को परखने के लिए विशेष मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में निर्धारित समय के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा और आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार यह अभ्यास भारत सरकार के निर्देशों के तहत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार रात 10 बजे से लगभग 30 मिनट तक ब्लैकआउट रहेगा। इस दौरान शहर के प्रमुख क्षेत्रों—आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर—में रोशनी बंद रखी जाएगी।
ब्लैकआउट के अंतर्गत स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की लाइटें अस्थायी रूप से बंद की जाएंगी। मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाकर आम नागरिकों को संकेत दिया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पूर्व बैठक में सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि यह अभ्यास सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
अधिकारियों का कहना है कि इस मॉकड्रिल के जरिए नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी, विभागों के बीच समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का वास्तविक आकलन किया जाएगा।



Admin





