kotha
post authorAdmin 25 Apr 2026

टॉपर्स को बधाई, लेकिन बाकी छात्रों के लिए सीएम धामी का बड़ा संदेश.

देहरादून: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है।

 

 

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर परिश्रम कर यह उपलब्धि हासिल की है। यह उनके समर्पण और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी लगन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी आगे भी अपने जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और देश व समाज का नाम रोशन करेंगे।

 

सीएम धामी ने कहा कि आज के युवा ही भविष्य के निर्माता हैं और उनकी सफलता राज्य के विकास की दिशा तय करती है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं।

मुख्यमंत्री ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया…जिन्हें इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि असफलता जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत होती है। धैर्य, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी प्रकार की निराशा को अपने ऊपर हावी न होने दें और अपनी कमजोरियों से सीख लेकर आगे बढ़ें। सफलता पाने के लिए सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत सबसे जरूरी है।

 

मुख्यमंत्री ने परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के अभिभावकों और शिक्षकों को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में माता-पिता और गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है…जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थी अपने लक्ष्य तक पहुंचते हैं। सीएम धामी ने अंत में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है…ताकि उत्तराखंड के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।