kotha
post authorAdmin 25 Apr 2026

भारत ने हासिल की बड़ी तकनीकी उपलब्धि, चेन्नई में स्वदेशी सिलिकॉन फोटोनिक्स टेक्नोलॉजी लॉन्च.

भारत ने अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए स्वदेशी सिलिकॉन फोटोनिक्स टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस का चेन्नई में सफलतापूर्वक शुभारंभ किया है। यह उपलब्धि देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और सॉवरेंटी की दिशा में आगे ले जाने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

यह तकनीक IIT Madras में विकसित की गई है, जहां सिलिकॉन फोटोनिक्स प्रोसेस डिज़ाइन किट (PDK) और यूनिवर्सल प्रोग्रामेबल फोटोनिक आईसी (PPIC) टेस्ट इंजन तैयार किए गए हैं। इनका विकास Ministry of Electronics and Information Technology द्वारा प्रायोजित विशेष केंद्र COE-CPPICS के तहत हुआ है।

इस तकनीक का औपचारिक शुभारंभ मंत्रालय के सचिव S. Krishnan ने किया। इस अवसर पर अमितेश सिन्हा, प्रोफेसर शांति भट्टाचार्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सिलिकॉन फोटोनिक्स PDK में 50 से अधिक सत्यापित कंपोनेंट शामिल हैं, जो उद्योगों, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक संस्थानों और रक्षा संगठनों को उन्नत फोटोनिक आईसी डिजाइन करने में सहायता प्रदान करेंगे। वहीं PPIC टेस्ट इंजन एक स्वचालित प्लेटफॉर्म है, जो फोटोनिक और ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक मॉड्यूल के परीक्षण को सरल और प्रभावी बनाता है।

विशेषज्ञों के अनुसार यह पहल भारत को सिलिकॉन फोटोनिक्स टेक्नोलॉजी में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह सुविधा भारतीय अनुसंधान एवं विकास समुदाय के लिए एक साझा राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगी।

कार्यक्रम के दौरान श्री कृष्णन ने कहा कि भारत अब वैश्विक स्तर की फोटोनिक्स तकनीक के करीब पहुंच रहा है। India Semiconductor Mission के तहत इस क्षेत्र को और गति देने की योजना है।

अमितेश सिन्हा ने बताया कि यह तकनीक क्लासिकल और क्वांटम दोनों क्षेत्रों में उपयोगी है और भविष्य में इसे और विकसित करने के लिए ISM 2.0 के तहत समर्थन दिया जा सकता है।

मुख्य अन्वेषक प्रोफेसर बिजय कृष्णा दास के अनुसार, आने वाले समय में MPW फैब्रिकेशन रन, परीक्षण, पैकेजिंग और मॉड्यूल कैरेक्टराइजेशन की सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी।

इस परियोजना में मलेशिया की सिलटेरा फाउंड्री और बेंगलुरु स्थित इजमो माइक्रोसिस्टम्स जैसी कंपनियां भी भागीदारी कर रही हैं, जिससे यह तकनीक वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत को मजबूती प्रदान करेगी।