देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला, देहरादून में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा किए जा रहे नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति से जुड़े प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को एक मजबूत मंच प्रदान किया है, जिससे देशभर में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिलने के साथ ही समाज में सकारात्मक बदलाव का माहौल बन रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम लगातार जारी रहकर करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेहनत और समर्पण से कार्य करने वालों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज आर्थिक, वैज्ञानिक, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र के नेतृत्व में राज्य भी निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड से विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘उत्तराखंड के दशक’ के विजन को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की संस्कृति, आस्था और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सख्त दंगारोधी, धर्मांतरण और नकल विरोधी कानून लागू किए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के चलते विकास कार्यों में तेजी आई है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की भी उपस्थिति रही।



Admin





