kotha
post authorAdmin 27 Apr 2026

दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से मिले सीएम धामी, चारधाम यात्रा के लिए एलपीजी आपूर्ति बनाए रखने का अनुरोध.

नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की, विशेषकर चारधाम यात्रा के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर।

मुख्यमंत्री धामी ने चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूरी तरह सुनिश्चित बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे राज्य में व्यावसायिक एलपीजी की मांग में काफी बढ़ोतरी होती है।

उन्होंने जानकारी दी कि यात्रा अवधि के दौरान राज्य को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। ऐसे में निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है ताकि यात्रियों और स्थानीय व्यवस्थाओं में कोई बाधा न आए।

मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान राज्य की संवेदनशीलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जून से सितंबर के बीच उत्तराखंड में हर साल प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एलपीजी गैस एक महत्वपूर्ण संसाधन साबित होती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अतिरिक्त 5 प्रतिशत व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर (लगभग 48,397 सिलेंडर) आवंटित करने का अनुरोध किया, ताकि आपदा की स्थिति में राहत कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार राज्य की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।