देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने रविवार रात व्यापक नाइट स्ट्राइक अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया। यह कार्रवाई क्षेत्र में हॉस्टल, पीजी और रेस्टोरेंट में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने एक साथ होटल, रिजॉर्ट, हॉस्टल, पीजी, पब और बार में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक रिजॉर्ट में अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री भी बरामद की, जिसमें 11 बोतल अंग्रेजी शराब, 30 केन बीयर और 10 हुक्का सेट शामिल हैं।
अभियान के दौरान 13 लोगों को शराब का सेवन करते हुए पकड़ा गया, जिनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया गया। पकड़े गए लोगों में देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक भी शामिल बताए गए हैं।
यह कार्रवाई प्रमोद कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें कई टीमों ने समन्वित रूप से संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की। देर रात बिना कारण घूम रहे लोगों को थाने लाकर उनकी पहचान और सत्यापन किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को सख्ती से रोका जाएगा। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



Admin





